
हमीरपुर। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि कांग्रेस सरकार वोट के लिए जनता के साथ धोखा कर रही है। न अनाज उपलब्ध है, न प्रबंध और खाद्य सुरक्षा योजना को लागू कर दिया गया है। गैस सब्सिडी का पता नहीं कब आएगी, कितनी आएगी, सिलेंडर के दाम निरंतर बढ़ते जा रहे हैं। धूमल हमीरपुर के गांधी चौक में बस किराया बढ़ोतरी के खिलाफ जिला भाजपा की ओर से आयोजित विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किराया बढ़ोतरी को लेकर मुख्यमंत्री का बयान उनके अहंकार को दर्शाता है। कांग्रेस सरकार ने जनता को दिवाली, दशहरे का कीमती तोहफा प्रदान किया है। रिफाइंड, सरसों तेल के दाम 10 रुपये बढ़ाए, बस किरायों में 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी, कार्ड पर मिलने वाली चीनी 19-50 रुपये, त्योहारी सीजन में 35 रुपये किलो की सस्ती चीनी प्रदान करने का निर्णय लिया है। सीमेंट पर टैक्स बढ़ाकर महंगा कर दिया गया है। कानून व्यवस्था चरमरा गई है, चोरी, दुराचार के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। देवभूमि में ऐसी घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से शिमला में रेप के दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कार्रवाई करने की मांग की। धूमल ने कहा कि प्रदेश की संपदा को लूटा जा रहा है, दूसरे प्रदेशों में महंगे दामों पर बेचा जा रहा है।
