
बिझड़ी (हमीरपुर)। केंद्र सरकार की नीतियों तथा डायरेक्ट कैश ट्रांसफर योजना के खिलाफ सीटू के बैनर तले मजदूरों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। बिझड़ी विश्राम गृह में आयोजित प्रदर्शन में वक्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। सरकार की नीतियों के विरोध में बिझड़ी बाजार में रैली भी निकाली।
वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण आज महंगाई के चलते आम आदमी का जीना दुश्वार हो गया है। बेरोजगारी का आंकड़ा निरंतर बढ़ता जा रहा है। शिक्षा मध्यम, गरीब वर्ग की पहुंचे से बाहर होती जा रही है। उन्होंने महंगाई पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने तथा अनाज में सट्टा बाजार की नीति बंद करने की मांग की। मनरेगा के तहत मजदूरों को 200 दिन का काम दिए जाने और पंचायत द्वारा काम न दिए जाने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ता प्रदान करने की मांग की।
मनरेगा मजदूरों की दैनिक मजदूरी सरकार से 150 रुपए करने, मजदूरों का न्यूनतम वेतन 10000 रुपए मासिक करने, प्रदेश के कालेजों में फ ीस बढ़ोतरी के निर्णय को वापिस लेने की मांग की। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सजा देने की मांग को भी उठाया। सीटू के बैनर तले विश्राम गृह बिझड़ी से लेकर मंदिर चौंक तक विरोध रैली निकाली। बीडीओ बिझड़ी प्रकाश चंद शर्मा को मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।
रैली को महासचिव डा. कश्मीर सिंह ठाकुर, अध्यक्ष सीटू जोगिंद्र सिंह, अनिल मनकोटिया, उपाध्यक्ष धर्म सिंह ने संबोधित किया। रैली में सुशील कुमार, देशराज, कश्मीर सिंह, विशभन दास, सरोती देवी, व्यासा देवी, चंचलो देवी, कमलेश कुमारी, सरोजनी देवी, नीलम कुमारी, स्नेहलता, आशा देवी, कांता देवी, शकुंतला देवी, अमृति देवी, जमना देवी सहित अन्य ने भाग लिया।
