न्याय न मिला तो अकाली विधायक सिंगला के घर के आगे करेंगे आत्मदाह

  • न्याय न मिला तो अकाली विधायक सिंगला के घर के आगे करेंगे आत्मदाह

भटिंडा (बलविंद्र): एक सप्ताह से लापता शराब कारोबारी डेजी मोहन के परिवार ने चेतावनी दी है कि डेजी मोहन के न मिलने की सूरत में पूरा परिवार अकाली विधायक सरूप चंद सिंगला के घर के सामने आत्मदाह करेगा। भले ही डेजी मोहन का सुसाइड नोट डाक के माध्यम से परिवार के पास पहुंचा है, लेकिन उसकी खुदकुशी की अभी तक कोई सूचना नहीं है।

 

लापता कारोबारी डेजी मोहन की पत्नी सुमन लता, बहन डा. पूनम व अन्य पारिवारिक सदस्यों के अनुसार डेजी मोहन शराब व प्रॉपर्टी का कारोबार करता था, जिसमें अकाली विधायक साइलैंट पार्टनर था, जबकि उसके रिश्तेदार व दोस्त सीधे तौर पर पार्टनर थे। उसने डेजी के साथ 70 लाख या इससे भी अधिक की ठगी की है, जबकि करोड़ों रुपए के कारोबार व प्रॉपर्टी में से हिस्सा देने से भी मुकर गए। कुछ माह से डेजी काफी परेशान था क्योंकि उसे जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। इसके चलते ही वह एक सप्ताह से गायब है। इस दौरान वे विधायक सरूप चंद सिंगला से मिले जिन्होंने आश्वासन दिया था कि डेजी वापस आ जाएगा।
परिजनों ने कहा कि अब डेजी का सुसाइड नोट मिला है जिसमें उसने सिंगला के रिश्तेदारों व अन्य दोस्तों पर खुदकुशी हेतु मजबूर करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस भी विधायक सिंगला के दबाव के चलते कोई कार्रवाई नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि उन्हें यकीन है कि डेजी का अपहरण करवाया गया है या उसे मारकर शव को खुर्द-बुर्द कर दिया गया है। इस बारे में एस.एस.पी. भटिंडा से संपर्क करना चाहा लेकिन वह उपलब्ध नहीं हो सके। दूसरी ओर विधायक सरूप चंद सिंगला ने उक्त आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि उनका डेजी के साथ कोई लेनदेन या कारोबारी रिश्ता नहीं था। चुनाव नजदीक होने के कारण उनके विरोधी डेजी के परिवार को गुमराह करके यह सब करवा रहे हैं।

Related posts