
मैहतपुर (ऊना)।(विवेक त्रिपाठी) अपने साथ हुई अनदेखी से बेहद खफा जखेड़ा निवासी संजय सिंह ने तीन मार्च से जिला मुख्यालय पर भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान किया है। एसडीएम तथा एसपी ऊना के नाम लिखे पत्र में 31 वर्षीय संजय सिंह ने लिखा है कि उनकी 26 वर्षीय पत्नी डिंपल के दोनों गुर्दे नंगल के एक सरकारी अस्पताल के डाक्टरों के गलत उपचार के चलते खराब हो चुके हैं। इस बात का खुलासा पीजीआई चंडीगढ़ में पत्नी का चेकअप करवाते वक्त वहां के डाक्टरों की एक टीम ने किया।
पत्र में संजय सिंह ने कहा है कि इस मामले को उन्होंने मेडिकल कौंसिल ऑफ पंजाब, हिमाचल, दिल्ली, राष्ट्रीय महिला आयोग, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, उपायुक्त रोपड़, मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री पंजाब, स्वास्थ्य मंत्री केंद्र सरकार के साथ साथ महामहिम राष्ट्रपति महोदय तक को खत के जरिये उनकी पत्नी के गलत उपचार की बाबत न्याय की मांग उठाई, लेकिन किसी ने उनकी मदद को हाथ नहीं बढ़ाए। संजय ने कहा है कि उनकी पत्नी जिंदगी और मौत से जूझ रही है। पीजीआई के डाक्टरों ने दोनों गुर्दे तबदील करने की बात कही है, जिस पर लाखों का खर्च आएगा। पिछले दो साल से पत्नी के इलाज पर अपना मकान तक गिरवी रख चुके संजय की मानें तो अब उनके पास अपनी 3 साल की बेटी के साथ सिवा आत्मदाह के कोई और मार्ग नहीं बचा है। संजय ने कहा कि आत्मदाह से पूर्व एक अंतिम प्रयास के तौर पर वह न्याय के लिए 3 मार्च से जिला ऊना मुख्यालय पर भूख हड़ताल शुरू करेंगे, तब भी इंसाफ न मिला तो आत्मदाह ही उनके लिए अंतिम विकल्प होगा। उधर, एसडीएम ऊना धनवीर ठाकुर ने कहा कि इस बारे में उन्हें फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। फिर भी ऐसा कोई मामला है तो प्रशासन गौर करेगा।
