
चंबा। जिला के नौ स्कूलों में दो-दो लैब का निर्माण किया जाएगा। इसका निर्माण वोकेशनल विषय के प्रेक्टिकल के लिए किया जाएगा। इसके लिए सरकार की ओर से प्रति लैब पांच-पांच लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। सरकार ने प्रदेश के 100 स्कूलों में वोकेशनल विषय शुरू किया है। जिला चंबा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनीखेत, बाथरी, छात्र स्कूल, छात्रा स्कूल, भरमौर, सलूणी और तीसा मेें वोकेशनल विषय शुरू किए गए हैं। इन सभी स्कूलों में दो-दो ट्रेड शुरू किए गए हैं। इसके चलते इन सभी स्कूलों को दो-दो लैब तैयार की जाएंगी। स्कूलों में लैब तैयार होने से संबंधित विषय के छात्रों को प्रेक्टिकल करने के लिए सुविधा मिलेगी। मौजूदा समय में स्कूलों में लैब न होने के कारण अस्थायी तौर पर बनाए गए स्ट्रक्चर से काम चलाया जा रहा है। अगले सत्र तक सभी स्कूलों में लैब तैयार हो जाएंगी। उधर, नेशनल वोकेशनल एजुकेशनल क्वालीफिकेशन फ्रेम वर्क के जिला कोआर्डिनेटर सुनील नैय्यर ने बताया कि जिन स्कूलों में वोकेशनल विषय को शुरू किया गया है वहां पर दो-दो लैब भी तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि लैब के लिए लगभग पांच-पांच लाख रुपये की राशि स्वीकृत हो चुकी है।
