नौ घंटे अंधेरे में डूबा रहा चंबा

चंबा। चंबा जिला के लिए विद्युत सप्लाई करने वाला ग्रिड फेल होने से पूरा जिला बुधवार रात से नौ घंटे तक अंधेरे में डूबा रहा। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से जिलावासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बिजली बोर्ड से मिली जानकारी के अनुसार जसूर से बाथरी के लिए विद्युत सप्लाई करने वाली लाइन में सदवां के पास फाल्ट आने से विद्युत सप्लाई ठप हो गई। बुधवार रात दो बजकर दस मिनट पर पूरे जिला में बिजली चली गई। इसके बाद जिले के मुख्य कस्बो चंबा, डलहौजी, चुवाड़ी, सिहुंता और तीसा में अंधेरा पसर गया। विद्युत सप्लाई बाधित होने अस्पतालों, कार्यालयों में भी व्यवस्था प्रभावित हुई। वीरवार सुबह 11 बजे के बाद ही विद्युत सप्लाई बहाल हो पाई। इसके बाद भी बिजली की आवाजाही जारी रही। बिजली बोर्ड के कर्मचारी ग्रिड फेल से सप्लाई लाइन पर फाल्ट को ढूंढते रहे। बड़ी मुश्किल से फाल्ट को ट्रेस कर विद्युत आपूर्ति बहाल की गई। वीरवार सुबह बिजली न होने के चलते सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित हुआ। इसके अलावा नौकरी पेशा लोगों और गृहणियों को ज्यादा मुश्किलें झेलनी पड़ीं। वहीं, मिंजर मेले में चौगान में अस्थायी दुकानें लगाकर बैठे व्यापारियों को मुसीबत से दो चार होना पड़ा।
क्या कहना है बोर्ड का
बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता एमएल शर्मा ने बताया कि 132 केवी लाइन का ग्रिड फेल होने से समस्या पेश आई है। बिजली सप्लाई बुधवार रात दो बजकर दस मिनट पर बाधित हुई थी। वीरवार सुबह ग्यारह बजे के बाद बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई है।

Related posts