नौनी गिरफ्तार 10 ग्राम हैरोइन भी बरामद

जालंधर: मेहरचंद कालेज में प्रधानगी को लेकर हुए विवाद में नामजद गौरव उर्फ नौनी को थाना नं. 1 की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर काबू कर लिया है। पुलिस ने नौनी व उसके एक अन्य साथी से 10 ग्राम हैरोइन भी बरामद की है। थाना प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि ए.एस.आई. जगदीश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि नौनी गुरु अमरदास नगर के पास स्थित एक प्लाट में हैरोइन का सेवन कर रहा है।

सूचना मिलते ही ए.एस.आई. जगदीश कुमार ने उक्त जगह छापेमारी करके गौरव उर्फ नौनी व उसके एक अन्य साथी फिरोज दोनों निवासी कालिया कालोनी को हैरोइन का सेवन करते काबू कर लिया। पुलिस ने दोनों से करीब 10 ग्राम हैरोइन बरामद करके उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

उल्लेखनीय है कि इन्होंने कुछ समय पूर्व मेहरचंद पोलीटैक्निकल कालेज में प्रधानगी को लेकर चल रहे विवाद में कालेज परिसर के अंदर पेपर दे रहे छात्र को कक्षा से बाहर निकाल कर उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर उसे घायल कर दिया था। कालेज की सुपरिंटैंडैंट व अन्य स्टाफ ने किसी तरह छात्र की जान बचाई थी। लोगों को एकत्रित होता देख नौनी वहां से फरार हो गया था। पुलिस ने पीड़ित पक्ष के बयानों पर नौनी व उसके कुछ साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस नौनी से पूछताछ कर रही है।

Related posts