नौकरी का झांसा देकर विधवा से गैंगरेप

नई दिल्ली। न्यू उस्मानपुर इलाके में नौकरी का झांसा देकर मंगलवार देर शाम 30 साल की एक विधवा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने गैंगरेप का मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित महिला अपनी मां और बच्चों साथ बुराड़ी इलाके में रहती है। पीड़िता ने बताया कि उसका एक जानकार नौकरी दिलाने की बात कर उसे बाइक से न्यू उस्मानपुर इलाके में पुश्ता रोड से यमुना खादर में ले आया। एक अन्य बाइक पर दो युवक वहां पहले से मौजूद थे। तीनों ने जंगल में ले जाकर बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी देकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने अपने मोबाइल फोन से मामले की शिकायत पुलिस से की । मौके पर पहुंची पुलिस ने जगप्रवेश चंद्र अस्पताल में उसका मेडिकल कराया। गैंगरेप की पुष्टि होने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया। बुधवार को पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी और महिला के बीच किसी प्लॉट को लेकर विवाद चल रहा है। शुरुआती जांच के बाद पूरा मामला संदिग्ध लग रहा है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।

Related posts