
रामपुर बुशहर। पुलिस ने शुक्रवार देर रात रामपुर के नोगली में नाके के दौरान अवैध लकड़ी से लदी एक पिकअप गाड़ी पकड़ी है। बताया जा रहा है कि बिना नंबर प्लेट दौड़ रही इस जीप में कायल के 30 स्लीपर लदे थे। पुलिस ने गाड़ी और लकड़ी को कब्जे में ले लिया है। वहीं, गाड़ी के चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रही है। एसपी शिमला अभिषेक दुल्लर ने मामले की पुष्टि की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रामपुर थाना प्रभारी मंगत राम के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल लाल चंद, गोपू राम और महेंद्र सिंह ने नोगली के पास नाका लगा रहा था। इसी दौरान नोगली की ओर से एक पिकअप गाड़ी आई। गाड़ी में नंबर प्लेट तक नहीं थी। पुलिस ने गाड़ी को रोक कर इसकी जांच की तो कायल के 30 स्लीपर मिले। पुलिस ने लकड़ी और गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। गाड़ी के चालक धर्मपाल निवासी तकलेच को भी गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है आरोपी ने गाड़ी पर से नंबर प्लेट तक हटा दी है। पुलिस से जुड़े सूत्रों का कहना है
कि इस गाड़ी का प्रयोग लंबे समय से अवैध लकड़ी को इधर से उधर पहुंचाने के लिए किया जा रहा था।
इस संबंध में एसपी शिमला अभिषेक दुल्लर ने बताया कि थाना प्रभारी रामपुर मंगत राम के नेतृत्व में पुलिस ने नाका लगा रखा था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने लकड़ी और गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। गाड़ी के चालक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
