
कुल्लू। नेरचौक से मनाली के लिए फोर लेन का प्रारूप लगभग तैयार हो गया है। अब इसे मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। एनएचएआई की नेरचौक से कुल्लू तक फोर लेन बनाने की योजना है। नेरचौक से कुल्लू 45 मीटर फोरलेन बनाने की योजना है। इसके अलावा मोड़ों का दायरा पचास मीटर तक रखा जाएगा। नेरचौक से कुल्लू तक फोरलेन बनने से कुल्लू और मंडी जिले के हजारों लोगों के मकान और भूमि इसकी जद में आएंगे। इसके अलावा कुल्लू से मनाली तक फोनलेन के स्थान पर दोनों ओर टू लेन बनाया जाएगा। इस टू लेन में भी आने और जाने वाले वाहनों के बीच में डिवाइडर लगाए जाएंगे।
मंडी से लेकर औट तक कई टनलें निकाल कर फोरलेन बनाया जाएगा। फोरलेन में दर्जनों ब्रिज भी बनाए जाएंगे। इसमें मंडी से लेकर मनाली तक कई बाईपास भी बनेंगे। जानकारी के मुताबिक मंडी, पंडोह, बजौरा, भुंतर, कुल्लू, कटराई, डोभी, रायसन, पतलीकूहल, आलू ग्राउंड, स्पेन रिसोर्ट और क्लाथ समेत कई बाईपास भी बनाए जाएंगे।
एनएचएआई के प्रोजेक्ट प्रभारी सतीश कौल ने बताया कि नेरचौक से कुल्लू फोरलेन और कुल्लू से मनाली तक टू लेन का सर्वे का काम करीब पूरा हो गया है। अब इस सर्वे को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। मंजूरी मिलते ही फोरलेन का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मंडी से औट तक कई टनलें बनाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि नेरचौक से मनाली तक कई बाईपास भी बनाए जाएंगे।
