नेऊली को 2.71 करोड़ का पानी

खराहल (कुल्लू)। पानी की किल्लत से अक्सर परेशान रहने वाले खराहल क्षेत्र के ग्रामीणों को राहत मिलने के आसार हैं। इस समस्या का स्थाई समाधान ढुंढने के लिए आईपीएच महकमा हरकत में आ गया है। ब्यास नदी के किनारे ट्यूब वैल लगाकर उठाऊ पेयजल योजना के तहत इलाके की नेऊली पंचायत के एक दर्जन से ज्यादा गांवों को पानी मुहैया करवाया जाएगा। इसके लिए आईपीएच महकमे ने कवायद शुरू कर दी है। इस कार्य को अमलीजामा पहनाने के लिए नावार्ड के तहत 2.17 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। नावार्ड की ओर से तीन सालों तक राशि मुहैया होती रहेगी।
घाटी के बदलोगी में पहले फेस में पानी पहुंचाया जाएगा और दूसरे फेस में लारी-मनारी तक पानी की आपूर्ति होगी। लारी-मनाली से विभिन्न गांवों तक पेयजल आपूर्ति की जाएगी। पेयजल के लिए राशि मंजूर होने पर इलाके के ग्रामीणों में खुशी है। ग्रामीण महेंद्र सिंह, रामनाथ, दीने नाथ, दोत राम, मंगल राम, चुनी लाल, सोभा राम और कला देवी ने कुल्लू के विधायक महेश्वर सिंह और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का इसके लिए आभार जताया है।
पंचायत नेऊली की प्रधान सेवती देवी, बीडीसी सदस्य सुरेंद्र सिंह और उपप्रधान विशाल महंत ने विशेष तौर पर विधायक महेश्वर सिंह तथा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का इस कार्य के लिए धन मुहैया करवाने पर आभार जताया है। आईपीएच महकमे के सहायक अभियंता विवेक हाजरी ने बताया कि 2.17 करोड़ रुपये की लागत से उठाऊ पेयजल योजना बनेगी।

Related posts