
कुल्लू। प्रदेश विधानसभा की प्राक्कलन समिति 25 से 27 सितंबर तक जिला कुल्लू के प्रवास पर रहेगी। डीसी राकेश कंवर ने शुक्रवार को जिला अधिकारियों के साथ विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्राक्कलन समिति 26 सितंबर को सुबह दस बजे अधिकारियों की बैठक करके कुल्लू में विभिन्न विभागों द्वारा चलाई जा रही विकासात्मक कार्यों की वित्तीय एवं भौतिक लक्ष्यों की समीक्षा करेंगे। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष कुलदीप कुमार करेंगे।
डीसी ने राजस्व, लोक निर्माण, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य और वन महकमे को बारिश और भूस्खलन से हुए नुकसान की क्षेत्रवार रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि प्राक्कलन समिति प्रदेश सरकार द्वारा विद्युत परियोजनाओं को लीज पर दी गई भूमि और विभिन्न ट्रस्टों को लीज पर दी गई भूमि के बारे में जानकारी हासिल करेंगे। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क नाबार्ड, भारत निर्माण और अन्य योजनाओं के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति रिपोर्ट और अनुपयोग राशि के बारे में समीक्षा करेंगे। उन्होंने बताया कि विशेषकर वन, कृषि, उद्यान, उद्योग, स्वास्थ्य, पथ परिवहन निगम और अन्य विभागीय अध्यक्ष भी अपने विभाग से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट को 20 सितंबर तक डीसी कार्यालय में जमा करवाएं। इस अवसर पर एडीएम विनय सिंह ठाकुर, सहायक आयुक्त कुमुद सिंह और सभी विभागों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।
