निशुल्क दवाइयों की सप्लाई शुरू

चंबा। जिला स्वास्थ्य विभाग ने सिविल सप्लाई की दवाईयों के लंबित बिल का भुगतान कर दिया है। बिल का भुगतान होने के बाद चंबा अस्पताल की सिविल सप्लाई की दुकान में स्मार्टकार्ड धारक मरीजों को मुफ्त की दवाईयां मिलनी शुरू हो गई हैं। इसके चलते मरीजों को दवाईयां लेने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ा रहा है। करीब दो सप्ताह पूर्व दवाईयों के बिल का भुगतान न होने से सिविल सप्लाई ने मरीजों को मुफ्त दवाईयां देनी बंद कर दी थी और लंबित भुगतान किए जाने के बाद ही दवाईयां देने की बात कही थी। हालांकि स्वास्थ्य विभाग इन बीच के दिनों में स्मार्टकार्ड धारकों को बाजार से खरीदकर दवाईयां दी। नियम के मुताबिक विभाग बाजार से दवाईयां खरीद कर नहीं दे सकता है। सिविल सप्लाई और स्वास्थ्य विभाग के आपसी तालमेल न होने के कारण करीब 20 लाख के बिलों का भुगतान लटक गया था। इसमें से स्वास्थ्य विभाग ने 50 प्रतिशत बकाया राशि का भुगतान कर दिया है। शनिवार से सिविल सप्लाई की दुकान में मरीजों को मुफ्त दवाईयां मिलना शुरू हो गई हैं। स्मार्टकार्ड धारक मरीज जरूरी औपचारिकताएं पूर्ण कर सिविल सप्लाई की दुकान से मुफ्त दवाईयों प्राप्त कर सकता है। बहरहाल विभागीय कर्मचारियों ने लंबित भुगतान की अदायगी कर गरीब मरीजों को काफी राहत प्रदान की है। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राकेश वर्मा ने बताया कि बकाया राशि का भुगतान कर दिया गया है। स्मार्टकार्ड धारक सिविल सप्लाई की दुकान से फ्री दवाईयां प्राप्त कर सकते हैं।

Related posts