निर्धारित रेटों पर होंगे लैब में टेस्ट : कंवर

कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू को चौबीस घंटे आधुनिक मेडिकल टेस्ट लैब से जोड़ दिया है। डीसी राकेश कंवर ने लैब का विधिवत उद्घाटन कर इसे लोगों को समर्पित किया। लैब में सभी तरह की बीमारियों के टेस्ट रोगी कल्याण समिति की तय दरों पर होंगे। लैब के शुरू होने से अब रोगियों को निजी लैब में नहीं जाना पड़ेगा। लैब में 46 टेस्टों की सुविधा उपलब्ध होगी और लैब से चौबीस घंटे के भीतर टेस्ट रिपोर्ट प्राप्त की जा सकती है। कुल्लू अस्पताल को शीघ्र ही ईसीजी और रक्तचाप मशीनों से जोड़ा जाएगा। कोई भी व्यक्ति जिला अस्पताल में दस रुपये देकर अपना रक्तचाप चेक करवा सकता है। डीसी ने स्वास्थ्य अधिकारियों को आश्वासन दिया कि क्षेत्रीय अस्पताल को आधुनिक मेडिकल सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। डीसी ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपात्कालीन सेवाएं दे रहे एंबुलेंस तथा कर्मचारियों के दूरभाष नंबरों को अस्पताल के मुख्यद्वार पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखवाकर दर्शाएं।
इस अवसर पर एडीएम विनय सिंह, एसडीएम डा. सुरेश जसवाल, सहायक आयुक्त कुमुद सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. बलदेव ठाकुर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. सुशील चंद्र शर्मा, श्री हरिहर अस्पताल के चिकित्सक, नप उपाध्यक्ष मनु शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related posts