नियुक्ति पत्र नहीं मिलने से आशा वर्कर परेशान

कुल्लू(भाग सिंह) आशा वर्कर्स ने नियुक्ति पत्र न मिलने पर नाराजगी जताई है। आशा वर्कर्स का कहना है कि स्वास्थ्य प्रधान सचिव ने अक्तूबर 2013 में अधिसूचना जारी की थी कि आशा वर्कर की नियुक्ति में चिकित्सा अधिकारियों की कमेटी की ओर से पात्र महिलाओं का चयन किया जाएगा। लेकिन, अभी तक उन्हें सरकार की ओर से नियुक्त पत्र नहीं मिला है। आशा वर्कर के लिए चयनित दुर्गा देवी, सैना देवी, प्रभा देवी, ओमी देवी तथा ऊषा देवी ने बताया कि पंचायत सचिव के अनुसार नियुक्ति प्रस्ताव की प्रतिलिपि और चयनित आशा वर्कर्स का पूरा डाटा भी भर्ती चयन कमेटी के अध्यक्ष एवं चिकित्सा अधिकारी को सौंप दिया था। नवंबर 2013 में चयन की गई महिलाएं अभी तक नियुक्ति पत्र न मिलने से असमंजस में हैं। सभी चयनित महिलाओं ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर से मांग की है कि जिन पंचायतों में सर्व सहमति से आशा वर्कर्स का चयन किया गया है, उन्हें जल्द नियुक्ति पत्र दिए जाएं। इंटक वर्कर्स यूनियन सैंज के मीडिया प्रभारी महेंद्र सिंह पालसरा ने भी मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री से जल्द इनकी नियुक्त करने की मांग की है।

Related posts