
नादौन/हमीरपुर। पुलिस थाना नादौन के अंतर्गत रंगस कस्बे के समीप नियाटी में एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गई। हादसे में आठ यात्री घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि हादसा बस की कमानी टूटने से हुआ है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है। घायलों को 108 एंबुलेंस से क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया।
एक निजी बस (एचपी67-2725) धनेटा से हमीरपुर जा रही थी। नियाटी के पास बस की कमानी अचानक टूट गई और बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 30 सवारियां बैठी हुई थीं। इनमें से आठ यात्री घायल हुए हैं जिन्हें चोटें आई हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सवारियों को बस से बाहर निकाला और 108 नंबर पर हादसे की जानकारी दी। नादौन और क्षेत्रीय अस्पताल से 108 एंबुलेंस ने घायल यात्रियों को क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। यात्रियों को भर्ती कर लिया गया है। सभी यात्रियों की स्थिति स्थिर है। बस चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया। उधर, एसपी वीना भारती का कहना है कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर रवाना हो गया है। पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच जारी है।
गड्डे की अनदेखी कर रहा विभाग
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ है वहां सड़क में गड्ढा है। काफी समय से एनएच विभाग गड्ढे की अनदेखी कर रहा है। अंदेशा जताया जा रहा है कि गड्ढे में जंप लगने के बाद ही बस की कमानी टूटी है।
घायलों की सूची
विंद्रो देवी और मीना देवी निवासी किटपल, रमेश कुमार गांव कांगू, अंजू गांव धनेेटा, ड्राइवर सन्नी कुमार और विरजू निवासी कांगू, राजकुमार और संजीत निवासी रंगस घायल हुए हैं।
