नित्थर में सरकार के खिलाफ नारेबाजी

रामपुर बुशहर। ग्रामीणों ने मंगलवार को नित्थर में स्थानीय समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ हल्ला बोला। नित्थर समेत आसपास की पंचायतों से आए लोगों ने किसान सभा के बैनर तले यहां की समस्याएं हल न होने पर सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
किसान सभा के बैनर तले नित्थर, देहरा समेत आसपास की पंचायतों के लोग नित्थर में इकट्ठे हुए और नारेबाजी की। लोगों ने सरकार पर क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाया। कहा कि यहां उप तहसील को खुलवा दी गई परंतु इसमें स्टाफ की व्यवस्था पर कोई ध्यान ही नहीं दिया जा रहा। इस कारण यहां के लोगों के राजस्व समेत अन्य कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं। इसके अलावा सड़क, बिजली और पेयजल के क्षेत्र में सुधार नहीं हो पाया है। इससे ग्रामीणों को दिक्कतें पेश आ रही हैं। ग्रामीणों ने कहा कि अभी तो शुरूआत है, अगर समस्याओं के समाधान को जल्द पहल नहीं की गई तो आने वाले समय में उग्र प्रदर्शन होगा।
प्रदर्शन के बाद किसान सभा ने स्थानीय समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा। प्रदर्शन में किसान सभा निरमंड इकाई प्रधान देवकी नंद, सचिव पूर्ण ठाकुर, कुलदीप डोगरा, मेहर चंद, शीशपाल, सुरेश, कृपाल, मोहर सिंह, डोलाराम और राजेश समेत कई ग्रामीण शामिल हुए।

ग्रामीणों की मांगें
नित्थर उप तहसील में नायब तहसीलदार की स्थायी नियुक्ति।
नित्थर में पुलिस चौकी और ट्रेजरी कार्यालय खोला जाए।
नित्थर के सभी सरकारी विभागों में खाली पद भरे जाएं।
बिजली की बढ़ी हुई दरों को वापस लिया जाए।
किसानों की कब्जे वाली जमीन व घरों को नियमित किया जाए।
लावारिस पशुओं और बंदरों के आतंक से निजात दिलाई जाए
दूध का समर्थन मूल्य बढ़ाया जाए।

Related posts