
ऊना। जिला मुख्यालय स्थित सब्जी मंडी के नजदीक एक निजी कंपनी के कार्यालय को पुलिस ने सील कर दिया है। सील किए गए दफ्तर में युवक युवतियां भी मिले हैं, जिन्हें प्रबंधक के साथ ही पुलिस पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। वहीं उक्त कार्यालय से कुछ रजिस्टर भी मिले हैं, जिन पर कुछ युवतियाे के आपत्तिजनक इकबालिया बयान भी दर्ज हैं। मामला हमीरपुर जिले के गलोड़ से गायब हुई एक विवाहिता से संबद्ध बताया जा रहा है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार हमीरपुर जिले के गलोड़ से कुछ दिनों पहले गायब हुई एक विवाहित युवती की छोटी बहन भी इसी कार्यालय में काम करती है, जो नाबालिग बताई जा रही है। हालांकि उक्त विवाहिता के ऊना पहुंचने के संदर्भ में उसकी छोटी बहन उक्त कंपनी के प्रबंधक ने इनकार किया है, लेकिन युवती के परिजनों को एक पत्र मिला है, जो ऊना के ही पुराना बस अड्डा स्थित डाकघर से भेजा गया है। इसी आधार पर उसके परिजन उसे खोजने ऊना पहुंचे, लेकिन उक्त कार्यालय प्रबंधक के जवाब से वह संतुष्ट नहीं हुए तो उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना दी। डीएसपी हैडक्वार्टर सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने उक्त कार्यालय का रिकार्ड कब्जे में ले लिया है। मामले की छानबीन के लिए प्रबंधक से पूछताछ चल रही है। उक्त कार्यालय में रहने वाले युवक युवतियों से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले की पटाक्षेप किया जाएगा।
