
हमीरपुर। बेरोजगार युवाओं के लिए बहुत अच्छी खबर है। रोजगार का अवसर उनके दरवाजे पर दस्तक दे रहा है। मोहाली स्थित निजी कंपनी जल्द ही दो हजार पदों पर पात्र युवाओं की तैनाती करने जा रही है। 30 मई से चार जून तक जिला हमीरपुर के विभिन्न उप रोजगार कार्यालयों में पात्र युवाओं के चयन के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया का आयोजन किया जाने वाला है। साक्षात्कार प्रक्रिया के आधार पर पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। साक्षात्कार प्रक्रिया के माध्यम से चयनित पात्र अभ्यर्थियों को 5100 रुपए से लेकर 5800 रुपए तक बेसिक वेतन दिया जाएगा। साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी का स्नातक उत्तीर्ण होना आवश्यक है तथा कंप्यूटर का बेसिक ज्ञान होने पर प्राथमिकता मिलेगी। साक्षात्कार में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों की आयु 18 से 40 वर्ष तक रखी गई है। साक्षात्कार में लड़के, लड़कियां दोनों ही भाग ले सकते हैं।
पंजाब के मोहाली स्थित सीनर्जी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में ग्राहक सेवा अधिकारी के पदों पर भर्ती की जानी है। इसके लिए जिला हमीरपुर में साक्षात्कार प्रक्रिया का आयोजन किया जा रहा है। साक्षात्कार 30 मई को नादौन उप रोजगार कार्यालय, 31 मई को सुजानपुर उप रोजगार कार्यालय, 1 जून को भोरंज उप रोजगार कार्यालय, 3 जून को बड़सर उप रोजगार कार्यालय तथा 4 जून को हमीरपुर रोजगार कार्यालय में आयोजित किए जा रहे हैं। अभ्यर्थी सुविधा अनुसार किसी भी तिथि को साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। जिला श्रम एवं रोजगार विभाग अधिकारी योगराज धीमान ने बताया कि सभी अभ्यर्थी अपने मूल प्रमाण पत्र साथ में लेकर आएं तथा कंप्यूटर का ज्ञान रखने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाएगी। कुछ अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र भेजे गए हैं, जिन्हें बुलावा पत्र नहीं भेजे जा सके हैं, ऐसे अभ्यर्थी भी साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
