निजी अस्पताल के बाहर हंगामा

ऊना। हमीरपुर मार्ग पर स्थित ऊना शहर के एक अस्पताल के बाहर मंडी जिले से आए लोगों ने जमकर हंगामा किया। इन लोगों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ करीब पौने घंटे तक नारेबाजी भी की। इन लोगों का आरोप था कि डाक्टर की लापरवाही से महिला की मौत हो गई। मृतक महिला के पति समेत अन्य परिजन भी प्रदर्शनकारियों में शामिल हुए। करीब पांच माह पहले भी इस अस्पताल के बाहर कुछ स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया था। उस दौरान अस्पताल प्रबंधन पर आस-पड़ोस के बच्चों को अस्पताल ले जाने तथा उनका रक्त आदि निकालने के आरोप लगे थे। उस दौरान गुस्साए लोगों ने अस्पताल के बाहर पार्क अस्पताल प्रबंधन के एंबुलेंस वाहन को भी क्षति पहुंचाई थी। हालात बिगड़ते देख सदर थाने के एसएचओ केएल बैरी ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। मृतक महिला के परिजनों ने पुलिस के पास भी शिकायत की है। मृतक सुषमा कुमारी के पति रणजीत सिंह और बेटी अंकिता निवासी गांव बाग, ध्याण सरक ाघाट मंडी ने आरोप लगाया कि वे पहले सुषमा को हमीरपुर के एक अस्पताल में ले गए, जहां गाल ब्लेडर में पत्थरी का पता चला। फिर वे उसको ऊना के इस अस्पताल ले आए, जहां डाक्टर ने पत्थरी की बात से इंकार किया और एक अन्य आपरेशन की बात कही। फीस आदि लेने के बाद डाक्टर ने आपरेशन कर दिया। उसके बाद सुषमा को 11 अगस्त को पेट में दर्द हुआ। दोबारा निरीक्षण के बाद डाक्टर ने पत्थरी की बात कही और इलाज के लिए मरीज को जालंधर भेज दिया। जालंधर में पत्थरी को हटाने के बाद मरीज को फिर ऊना लाया गया। ऊना में संबंधित डाक्टर ने फिर से शरीर में जहर आदि फैलने की बात कही। कई बार कहने के बावजूद डाक्टर ने मरीज को अन्य अस्पताल में रेफर नहीं किया। काफी दबाव के बाद डाक्टर के कहने पर मरीज को चंडीगढ़ के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां मरीज की मौत हो गई। रणजीत सिंह और उनकी बेटी ने बताया कि ऊना के उक्त डाक्टर ने मरीज को जालंधर और ऊना के जिन अस्पतालों में भेजा वे अस्पताल डाक्टर के रिश्तेदारों के ही हैं। प्रदर्शन करने वालों में मेजर ज्ञान चंद, मृतक महिला का बेटा विजय कुमार, राजीव कुमार, एडवोकेट तारो देवी, विद्या देवी, होशियार सिंह, ध्यान सिंह, ब्रहमी देवी, सागरी देवी, कांता देवी, एडवोकेट संजीव कुमार, शिवकांत, बसंत राम समेत अन्य लोग शामिल थे।

एफआईआर दर्ज करने के आदेश
एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि मृतक महिला के परिजन और रिश्तेदार उनसे भी मिले तथा शिकायतपत्र सौंपा। इस मामले में एफआईआर दर्ज करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

Related posts