
नई दिल्ली। निहाल विहार इलाके में सोमवार रात अपने एक कर्मचारी को बचाने के लिए निगम पार्षद पीसीआर कर्मियों से भिड़ गया। पीसीआर कर्मियों ने पार्षद और उसके कर्मचारी पर बदसलूकी करने व सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार, कुंवर सिंह नगर के पार्षद पंकज सिंह के पास सुधीर नाम का एक युवक काम करता है। सोमवार रात सुधीर की पड़ोस में रहने वाली एक युवती से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। युवती ने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी। मौके पर पहुंचे पीसीआर कर्मी एएसआई पवन और हवलदार मुकेश ने आरोपी सुधीर को थाने चलने के लिए कहा। यह सुनते ही सुधीर पीसीआर कर्मियों से उलझ गया। इसी दौरान पंकज भी मौके पर पहुंचा। पीसीआर कर्मियों के आरोप के मुताबिक पंकज ने पुलिसकर्मियों के हाथ से मोबाइल छीन लिया और उनके साथ बदसलूकी की। इसके बाद पंकज और सुधीर फरार हो गए।
