
कुल्लू। बाह्य सराज को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला औट-लुहरी राज्य मार्ग-11 पर भारी हिमपात हुआ है। इससे बाह्य सराज के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वहीं, ताजा बर्फबारी से जिले में करीब दो दर्जन सड़कें बंद हो गई हैं। सड़कें बंद होने से कुल्लू घाटी के विभिन्न क्षेत्रों में निगम की बारह बसें फंस गई हैं। इसके अलावा कुछ निजी बसों के फंसने की भी सूचना है। शनिवार को भले ही कुल्लू घाटी का मौसम साफ रहा हो लेकिन शुक्रवार देर रात को हुई बर्फबारी से कुल्लू घाटी का जनजीवन ठहर सा गया है। खास कर सड़कें बंद होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को पैदल ही गंतव्य तक पहुंचना पड़ा है। बंद मार्गों में से दस मार्ग बाह्य सराज आनी-निरमंड में ही ठप पड़े हैं, जबकि बंजार, कुल्लू और मनाली क्षेत्र में करीब 15 सड़कों पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। भारी बर्फबारी से बंद सड़कों के चलते खासकर ग्रामीण इलाकों के लोगों को आवाजाही जोखिम भरी हो गई है। सड़कों के ठप रहने के साथ-साथ कई गांवों का आपसी संपर्क टूट गया है। बर्फबारी से औट-लुहरी आनी-रोहाचला, बागीपुल-जाओं, आनी-छतरी, आनी-करसोग, आनी-सुंदरनगर, बागीपुल-डीम, बागीपुल-बागासराहन, आनी-कुठेड़, आनी-कोठी, बंजार-छतरी, बंजार-गाड़ागुशैणी, बंजार-खौली, बंजार-गुशैणी, बंजार-कोटला, बंजार-ग्राहों, कुल्लू-भेखली-ब्यासर, कुल्लू-बिजली महादेव, कुल्लू-भल्याणी, कुल्लू-पीज, कुल्लू-तेलंग तथा कुल्लू-रतोचा आदि मार्ग पर यातायात ठप हो गया है। आरएम कुल्लू पवन कुमार शर्मा ने कहा कि शुक्रवार शाम को गई निगम की करीब 12 बसें बर्फबारी होने की वजह से फंस गई हैं। बाहु, ग्रांहो, गुशैणी, थाची, सुधारणी, कोटला, लगवैली के भल्याणी तेलंग के अलावा रतोचा मार्ग पर दो बसें फंसी पड़ी हैं
