
नाहन (सिरमौर)। बदहाल पाईपों से व्यर्थ बह रहेे पानी को संज्ञान में लाते हुए आईपीएच विभाग ने इस पर तत्काल प्रभाव से अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर तथा बाजार के कई हिस्सों में पेयजल की लगभग आधा दर्जन से अधिक पानी की पाइपें पिछले पखवाड़े भर से बेकाबू हो कर बह रही थी। पाठकों को बता दें कि ‘अमर उजाला’ ने अपने 6 जनवरी के अंक में नाहन में टूटी पाइपों से बह राह व्यर्थ में पानी नामक शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। समाचार में व्यर्थ बह रहे पानी के कारण शहरवासियों को मिलने वाली भारी पेयजल की किल्लत को भी उजागर किया था।
फिलहाल विभाग ने बीते सोमवार तथा मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर टूटी पाइपों से पानी के रिसाव को रोकने तथा उन्हें दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया है। विभाग ने जनता को इस असुविधा से बचने के लिए लीकेज पाइपों को ठीक करने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों को काम पर लगाया है। शहर के कई हिस्सों में पानी की पुरानी पाइप लाइनें टूटी हुई हैं। इनमें से व्यर्थ में पानी बहता रहता है। मगर इस और विभाग के किसी भी अधिकारी व कर्मचारी ने बीते कई दिनों से ध्यान नहीं दिया था।
शहर के नया बाजार चौक स्थित पानी की पाइप पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से टूटी पड़ी थी। एसएफडीए हाल व डीसी आफिस के समीप भी विभाग की लाइन काफी समय से क्षतिग्रस्त थीं। ऐसे में हर रोज हजारों लीटर पानी व्यर्थ में बह रहा था। ऐसे कई अन्य स्थान ओर भी हैं। जहां पाईपें भीतर ही भीतर लीक कर रही हैं।
बाक्स
कई स्थानों पर टूटी तथा लीकेज पाइपों को ठीक किया जा रहा है। विभाग ने जनता की सुविधा को देखते हुए इस पर तेजी से काम किया है। पाइपें पूरी तरह से ठीक कर दी जाएंगी। नहर स्वार तथा खैरी योजनाओं पर अधिक ध्यान देने के कारण यह काम छूट रहा था। फिलहाल पाइपों को जोड़ने का काम किया जा रहा है।
– एके गुप्ता, अधीक्षण अभियंता आईपीएच, नाहन
