

नाव में भर गया पानी
नाव में बैठकर गोबिंदसागर झील में उतरा युवक नाव के साथ डूब गया। हादसा लठियाणी घाट के पास हुआ है। डूबे युवक और नाव का कहीं पता नहीं चल सका है। युवक अपने दोस्तों के साथ लठियाणी घाट पर मौज- मस्ती करने आया हुआ था।
इसी दौरान युवक घाट पर बंधी एक नाव में सवार हो गया। कुछ ही दूरी पर नाव में पानी भर गया और यह डूब गई। इधर, युवक को ढूंढने के लिए प्रशासन ने गोताखोरों को बुलाया है। प्रशासन के कुछ अफसर भी मौके पर पहुंचे हैं। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
नाव में अभी बैठा ही था और तभी हुआ ये हादसा

पिकनिक मनाने आया था
25 वर्षीय प्रवीण शर्मा उर्फ सन्नी पुत्र सतीश कुमार निवासी दरकोटी, बड़सर (हमीरपुर) बुधवार को अपने आठ दोस्तों के साथ गोबिंदसागर झील पर पिकनिक मनाने आया हुआ था। झील पर पहुंचते ही प्रवीण ने किनारे पर बंधी नाव को खोला और इसके बीच अकेला बैठ गया तथा नाव को चलाने लगा।
नाव अभी दस मीटर की दूर ही गई थी कि इसमें अचानक पानी भरने लगा। देखते ही देखते नाव युवक सहित झील में डूब गई। जब तक प्रवीण के दोस्त कुछ समझ पाते। काफी देर हो चुकी थी।
बंगाणा पुलिस प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों ने झील में युवक की काफी तलाश की है। कोई सफलता हाथ नहीं लगी है। गोताखोरों को मदद के लिए बुलाया गया है। बंगाणा के एसडीएम मनोहर लाल यादव सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे।
