नालड़ा पुल को लेकर ग्रामीण भड़के

उदयपुर (कुल्लू)। उपमंडल उदयपुर के तहत वामतट पर बसे नालड़ा गांव के लोग
पुल निर्माण कार्य में हो रही देरी पर उग्र हो गए हैं। मंगलवार को इस सिलसिले में पंचायत नालड़ा के प्रधान और उपप्रधान की अगुवाई में लोगों ने डीसी वीर सिंह ठाकुर से मुलाकात की। डीसी को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर मई माह के प्रथम सप्ताह में पुल निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीण जिला प्रशासन, लोनिवि और सरकार के खिलाफ आंदोलन करने को सड़क पर उतर आएंगे।
पंचायत नालड़ा की प्रधान रजनी देवी, उपप्रधान शेर चंद गौतम, ग्रामीण ओमप्रकाश, भक्तराम, संजू ठाकुर, शिव लाल और शांति लाल ने बताया कि वर्ष 1987 में नालड़ा गांव के लिए संपर्क मार्ग बनाने का कार्य शुरू हुआ था। लेकिन ढाई किलोमीटर यह सड़क अभी तक पूरी नहीं बन पाई है। उन्होंने लोनिवि से आग्रह किया है कि पुल बनने से पूर्व गांव की तरफ भी सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि चिनाब की धारा पर बन रहे पुल निर्माण का कार्य कछुआ गति से चल रहा है। इसका वर्ष 2007 में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने ही शिलान्यास किया था। आज दिन तक पुल का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। उपप्रधान शेर चंद गौतम ने बताया कि पुल निर्माण कार्यों में लेटलतीफी ग्रामीणों से भद्दा मजाक है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
डीसी वीर सिंह ठाकुर ने बताया कि वे इस सिलसिले में लोकनिर्माण विभाग से बातचीत करेंगे। पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उधर लोनिवि के अधिशासी अभियंता हिमांशु बिष्ट ने बताया कि ठेकेदार ने पुल निर्माण कार्य पूरा किए बगैर इसे अधूरा छोड़ दिया है। अब नए सिरे से पुल के टेंडर करवाए जाएंगे।

Related posts