
सैंज (कुल्लू)। सैंज घाटी के नंबरदारों ने सैंज के नायब तहसीलदार पर जाति के आधार पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। नंबरदारों का आरोप है कि नायब तहसीलदार सैंज उन्होंने तीन माह से कई बार जातिसूचक शब्द कह कर मानसिक रूप से परेशान कर चुके हैं। हालात से परेशान तीन नंबरदारों ने एसपी कुल्लू को इस संबध में शिकायत पत्र सौंप कर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। शैंशर फाटी के नंबरदार लगन चंद, सुचैहण के थोलू राम और दुशाहड़ के तेजा सिंह ने बताया कि राजस्व विभाग में हर फाटी से दो नंबरदारों को नियुक्त करने का प्रावधान है। एक नंबरदार सामान्य जाति और एक अनुसूचित जाति से चुना जाता है। तीनों नंबरदार अनुसूचित जाति से नियुक्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि वे समय-समय पर सैंज स्थित उप तहसील कार्यालय में जनता शिनाख्त आदि की सेवाएं देने जाते हैं। नंबरदारों ने आरोप लगाया कि नायब तहसीलदार उन्हें कई बार जनता और स्टाफ के सामने यह कह कर जलील कर चुके हैं कि जाति विशेष के लोगों को नंबरदारी करने का कोई अधिकार नहीं है। अगर नंबरदारी करनी ही है तो उन्हें अपनी मोहरों में अपनी जाति का नाम लिखना होगा। लगन चंद और थोलू राम ने कहा कि नायब तहसीलदार जातिवाद को तो बढ़ावा दे ही रहे हैं, साथ ही राजस्व कानून की भी धज्जियां उड़ा रहे हैं। नंबरदारों ने एसपी कुल्लू से नायब तहसीलदार के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। इधर, नायब तहसीलदार सैंज गुलाब सिंह ठाकुर ने कहा कि अनुसूचित जाति के नंबरदारों को मोहर में हरिजन नंबरदार लिखने के आदेश कई बार दिए हैं मगर प्रताड़ित किए जाने का आरोप गलत है। एसपी कुल्लू विनोद धवन ने कहा कि नंबरदारों की शिकायत उनके पास आई है। जल्द ही इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।
