नाबालिग को भगाने के आरोप में गिरफ्तार

रोहड़ू। डोडरा के एक गांव से बहला-फुसला कर भगाई गई नाबालिग युवती को पुलिस ने बरामद कर लिया है। युवती को भगाने करने के आरोप में पुलिस ने नेपाली युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवती को परिजनों के हवाले कर दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार युवती के परिजनों ने 21 अगस्त को पुलिस में शिकायत दर्ज की थी कि 17 साल की युवती को नेपाली मूल का एक युवक बहला फुसला कर भगाकर ले गया है। परिजनों ने बताया कि युवती बारह अगस्त को घर से लापता हुई। तलाशने के बाद परिजनों ने इक्कीस अगस्त को मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज की। भादंसं की धारा 363, 366 के तहत पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद युवती की तलाश शुरू की। तलाश के दौरान पुलिस को सुराग मिला कि नेपाली मूल का युवक लापता युवती के साथ टिक्कर उपतहसील के तहत आने वाले एक गांव में रह रहा है। पुलिस थाना रोहड़ू के पीएसआई रजनीश ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने लड़की को फरार करने के आरोप में नेपाली मूल के युवक निखिल (21) को गिरफ्तार किया है। युवक को न्यायालय में पेश किया गया है। न्यायालय ने युवक को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। उन्होंने कहा कि युवती ने मेडिकल करवाने से इनकार कर दिया है। युवती को पुलिस ने उसके परिजनों के हवाले कर दिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है।

Related posts