नाबालिग आरोपी ने खुद को बताया निर्दोष

नई दिल्ली। वसंत विहार गैंग रेप मामले में नाबालिग आरोपी ने बुधवार को जूवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष बयान में खुद को निर्दोष बताया। उसके खिलाफ पांच जुलाई से अंतिम बहस शुरू होगी।
प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट गीतांजलि गोयल के समक्ष बयान में उसने पुलिस के सभी आरोपों को खारिज किया। पुलिस ने आरोप पत्र में उसे सभी आरोपियों में सबसे क्रूर बताया था। नाबालिग आरोपी ने दावा किया कि वह सामूहिक दुष्कर्म की वारदात में शामिल नहीं था और उसे झूठे सबूतों के आधार पर फंसाया गया है। उसने पुलिस व मीडिया पर उसे बदनाम करने का आरोप लगाया है।
जूवेनाइल जस्टिस बोर्ड (जेजेबी) में उसने सुनवाई के दौरान कहा कि वह खुद अपने मालिक व मुख्य आरोपी राम सिंह के हाथों पीड़ित था। इन लोगों ने उसके काम के बदले पैसे नहीं दिए थे। बदायूं (उत्तर प्रदेश) निवासी आरोपी 11 साल की उम्र में दिल्ली आया था और छोटा-मोटा काम करता था। वसंत विहार सामूहिक दुष्कर्म के बाद पुलिस ने उसे अन्य पांच के साथ आरोपी बनाया था। जेजेबी में नाबालिग के खिलाफ अभियोजन की ओर से छह गवाहों ने बयान दर्ज करवाए हैं, जबकि विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट में अन्य आरोपियों के खिलाफ 80 गवाहों के बयान दर्ज हो चुके हैं।

Related posts