
नादौन (हमीरपुर)। आईपीएच विभाग नादौन ने चढ़ूं और बेला गांव में 27 फर्जी कनेक्शन पकड़े हैं। कनेक्शनों को अवैध रूप से लगाया गया था, जिनका विभाग के पास कोई रिकार्ड ही नहीं है। मिलीभगत करके लोेगों ने कनेक्शन लगा लिए थे। विभागीय टीम ने सभी फर्जी कनेक्शन उपभोक्ताओं की सूची तैयार कर ली है। इनके खिलाफ जल्द ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की टीम ने पेयजल से किचन गार्डन को तर करने वाले उपभोक्ताओं को भी रंगे हाथ पकड़ा है। विभाग ने मौके पर ही चालान कर जुर्माना वसूल किया है।
नादौन के चडूं तथा बेला गांव में शुक्रवार को लोगों में हड़कंप मच गया। सुबह सबेरे ही आईपीएच विभाग की टीम ने कनिष्ठ अभियंता रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में टुल्लू पंप लगाने वालों का निरीक्षण किया गया। टीम ने क्षेत्र में अवैध रूप से लगाए गए 27 कनेक्शन पकड़े, जिनका विभाग के रिकार्ड में कोई ब्योरा नहीं है। उपभोक्ताओं द्वारा कोई बिल भी अदा नहीं किया जाता है। विभाग ने ऐसे सभी लोगों की सूची तैयार कर ली है जिन्होंने फर्जी कनेक्शनों से घरों को पेयजल की सप्लाई ली थी।
तीन उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इसके अलावा विभाग ने क्षेत्र में टीम का गठन भी किया है जो क्षेत्र में टुल्लू पंपों का प्रयोग और पानी का दुरुपयोग करने वाले उपभोक्ताओं पर नजर रखेगी। उधर, आईपीएच विभाग के कनिष्ठ अभियंता रविंद्र कुमार ने लोगों से अपील की कि पानी का दुरुपयोग न करें। पानी का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फर्जी कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ जल्द ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
