
नादौन (हमीरपुर)। नादौन बस स्टैंड यानी यात्रियों के लिए समस्याओं का अंबार। प्रशासन है कि कोई सुध नहीं ले रहा। बस स्टैंड में यात्रियों के बैठने के लिए न पर्याप्त स्थान है और न ही पीने के लिए स्वच्छ पानी की व्यवस्था। बस स्टैंड से बाहर निकलते ही कूड़े के ढेर और बदबू यात्रियों का स्वागत करते हैं परंतु, प्रशासन और नगर पंचायत को समस्याएं दिख नहीं रही या शायद देखना नहीं चाहते।
नादौन बस स्टैंड में बनाए गए शैड की क्षमता नाम मात्र के यात्रियों के बैठने लायक है। सुबह, दोपहर, शाम के समय यात्रियों की संख्या अधिक होने पर धूप में खड़े होना पड़ता है या इधर-उधर दुकानों में शरण लेनी पड़ती है। बारिश के दौरान तो स्थिति और अधिक खराब होती है। शैड में केवल तीन दर्जन के करीब यात्रियों के बैठने की जगह उपलब्ध है। अन्य को या तो खड़े रहना पड़ा है या फिर बाहर खड़े होना पड़ता है। बस स्टैंड परिसर में यात्रियों के पीने के लिए पानी की व्यवस्था तक नहीं है। पीने के पानी के लिए दुकानों में आग्रह करना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं तथा बच्चों को भुगतनी पड़ रही है। बस अड्डा के निकासी द्वार के साथ लगती सड़क टूटी हुई है। लंबे रूट की बसें यात्रियों को गेट पर उतारती हैं तो कई बार यात्री गिरकर घायल हो चुके हैं। बस अड्डे के सामने कूड़े के ढेर नगर पंचायत की लापरवाही, गैर जिम्मेदाराना व्यवहार को दर्शाते हैं।
एसडीएम नादौन बलवीर ठाकुर ने बताया कि नगर पंचायत के अधिकारियों के साथ बैठक करके समस्याओं का हल करने का प्रयास किया जाएगा।
नगर पंचायत अध्यक्षा रीना देवी ने बताया कि समस्या के शीघ्र हल के लिए प्रयास किए जा रहे हैं जिससे यात्रियों को बैठने में समस्या नहीं आएगी। शीघ्र ही अधिकारियों के साथ बैठक करके समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
यात्रियों, लोगों की प्रतिक्रिया फोटो सहित अलग से आएगी……….
