नादौन ने लोकनृत्य में मारी बाजी

नादौन (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या नादौन में चल रही अंडर-19 तीन दिवसीय जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता के दूसरे दिन चोडू स्कूल के प्रधानाचार्य बाल कृष्ण शर्मा बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। शनिवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लड़कों के लोकनृत्य मुकाबले में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डिडवीं प्रथम तथा मदर प्राइड स्कूल मलोटी बड़ा को द्वितीय स्थान मिला। लड़कियों के लोकनृत्य मुकाबले में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या नादौन को प्रथम स्थान तथा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर को द्वितीय स्थान मिला। लड़कों के कंठ गान में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चोडू को प्रथम स्थान तथा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डिडवीं को द्वितीय स्थान मिला। लड़कियों के कंठ गान मुकाबले में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या नादौन प्रथम तथा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर द्वितीय स्थान पर रहा। एकांकी मुकाबले में लड़कियों के वर्ग में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नादौन को प्रथम स्थान तथा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोटा को द्वितीय स्थान मिला। वन एक्ट प्ले में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या नादौन को प्रथम तथा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोटा को द्वितीय स्थान मिला। मुख्यातिथि ने अव्वल रहे सभी बच्चों को बधाई दी तथा अन्य बच्चों को और मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी बढ़-चढ़ कर भाग लेना चाहिए। खेलों से हमारा मानसिक तथा शारीरिक विकास होता है। रविवार को प्रतियोगिता का समापन होगा, जिसमें एसडीएम नादौन बलबीर ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।

Related posts