
नादौन (हमीरपुर)। नादौन नगर पंचायत के वार्ड नंबर तीन में पेयजल किल्लत के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड में चार दिनों से पानी की आपूर्ति नहीं हो पायी है। यही नहीं वार्ड में लगा हैंडपंप बी काफी समय से खराब पड़ा है जिस कारण समस्या अधिक बढ़ गई है। विभाग के पास शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इस कारण लोगों में विभाग के प्रति रोष पनप रहा है। वार्ड में ही एक प्राथमिक स्कूल भी स्थित है।
वार्ड नंबर तीन के वासियों संजय, प्रदीप, विजय, कुलदीप, रींकू, बबलू, कृष्ण, गुरदास, चंचला, सुमना, रमना, लीला, मंजू, बबली, स्वर्णा, संतोष, राज कुमारी, नीलम, रंजना, ज्योति तथा पूजा आदि का कहना है कि विभाग जल्द से जल्द पानी की समस्या को दूर करे, अन्यथा विभाग के रवैये को लेकर शिकायत प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से की जाएगी। नगर पंचायत उप प्रधान तरुण कपिल का कहना है कि नादौन के वार्ड नंबर तीन में पानी की समस्या है। आईपीएच विभाग को चाहिए कि हर बार की तरह पानी के टैंकरों की व्यवस्था की जाए जिससे लोगों को पेयजल किल्लत का सामना न करना पड़े।
उधर, सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के सहायक अभियंता उमेश डोगरा का कहना है कि कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। जल्द ही वार्ड में पेयजल किल्लत की समस्या को दूर कर दिया जाएगा।
