नागों की आधा दर्जन प्रतिमाएं चोरी

नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल के साथ लगते क्षेत्र चामुक्खा मंदिर में शातिरों ने आधा दर्जन नाग की प्रतिमाएं चोरी कर ली हैं। चोरी की घटना से क्षेत्र के लोगों में रोष के साथ डर भी फैल रहा है। एक विशाल प्रतिमा की कीमत 70 हजार के करीब बताई जा रही है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार चामुक्खा स्थित शिव मंदिर से चोरों ने भगवान भोले नाथ के विशालकाय नाग देवता की प्रतिमा पर हाथ साफ कर दिया। तांबे से बनी विशाल नागदेवता की प्रतिमा को 20 वर्ष पहले अमलैहड़ गांव के एक श्रद्धालु परिवार ने मन्नत पूरी होने पर मंदिर में भगवान शिव के पवित्र लिंग पर अर्पित किया था।
नागदेवता की प्रतिमा की कीमत 70 हजार से अधिक बताई जा रही है। मंदिर के पुजारी जगदीश गिरि की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। चोरों ने घटना को अंजाम देते समय बिजली को भी गुल कर दिया था जिससे किसी को भनक नहीं लग सकी। सुबह होने के बाद पुजारी को मंदिर में चोरी की वारदात का पता चला। पुजारी जगदीश गिरि ने बताया कि शुक्रवार रात्रि करीब डेढ़ बजे दो युवक मंदिर में बैठे थे लेकिन उसके बाद अचानक बिजली बंद हो गई। जब सुबह उठ कर भगवान चामुक्खा महादेव की पूजा अर्चना मंदिर की साफ सफाई करने का समय आया, तब भी बत्ती गुल थी। फ्यूज चोरों द्वारा निकाल लिए गए थे। उधर, थाना प्रभारी थाना ज्वालामुखी सुरेंद्र ठाकुर का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की छानबीन की जा रही है।

Related posts