
गगरेट (ऊना)। क्षेत्र के थपलां में वन माफिया से जुड़े लोग वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को गच्चा देकर लकड़ी तस्करी करने में सफल हो गए। हालांकि, विभाग के अधिकारी ने गाड़ी पर फायर भी किया, लेकिन माफिया को पकड़ने में कोई सफलता नहीं मिल पाई है। गाड़ी के चालक की पहचान कर ली गई है। जिसके आधार पर वन विभाग ने पुलिस प्रशासन की मदद से केस की छानबीन को आगे बढ़ा दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार रात वन विभाग के बीओ श्रवण सिंह को सूचना मिली कि पिकअप ट्राला पांवड़ा रोड थपलां में अवैध लकड़ी लेकर पंजाब की ओर जाने वाला है। उन्होंने सूचना मिलते ही थपलां में नाकेबंदी कर दी। इसी दौरान ट्राला मार्ग से आया। इसमें लकड़ी लदी थी। बीओ ने गाड़ी को रोका और उसका निरीक्षण शुरू कर दिया। गाड़ी में जापानी शहतूत की लकड़ी लदी थी। इसी दौरान गाड़ी का चालक मोहित कुमार पुत्र श्याम लाल मौके से गाड़ी लेकर फरार हो गया। बीओ ने गाड़ी को रोकने की मंशा से गोली चला दी। बावजूद चालक वहां से फरार हो गया। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में केस दर्ज कर लिया है। मामले की छानबीन आरंभ कर दी गई है। उन्होंने बताया कि जल्द ही लकड़ी तस्करी के आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।
