
ऊना। ऊना जनहित मोर्चा ने नांदेड़ साहिब ट्रेन को ऊना से न चलाकर नंगल से इसकी समय सारिणी तय करने पर शुरू किए गए अपने आंदोलन को और आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। रविवार को जनहित मोर्चा के पदाधिकारियों की बैठक में इस मामले में राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को पत्र भेजने की बात कही। बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के अध्यक्ष एवं प्रवक्ता राजीव भनोट और चेयरमैन नवदीप कश्यप ने की। उन्होंने सदस्यों को इस मामले में प्रगति एवं पत्राचार की जानकारी भी दी। वहीं मोर्चा के उपाध्यक्ष बलविंद्र गोल्डी, महामंत्री राजकुमार पठानिया व संगठन मंत्री शिव कुमार ने कहा कि इस मामले पर किसी को भी राजनीति नहीं करनी चाहिए। यह हिमाचल और ऊना के हितों से जुड़ा हुआ मसला है और केंद्र की यूपीए सरकार के रेलमंत्री ने बजट में इस ट्रेन को शुरू करने की घोषणा की थी और अब इसको नंगल से चलाने का समय तय किया गया है। केंद्र की यूपीए सरकार के कारण ही अब यह ट्रेन ऊना से नहीं चल रही है। इसको लेकर ऊना जनहित मोर्चा एक सामाजिक संस्था के नाते आंदोलन कर रहा है। जनता के लाभ के लिए इस ट्रेन के साथ-साथ नंगल से जाने वाली अन्य ट्रेनों को भी ऊना और अंब तक बढ़ाने का प्रयास किया जा सके। उन्होंने कहा कि ऊना ब्लॉक के कांग्रेस अध्यक्ष हजारी लाल धीमान को इस मामले में बोलने से पहले इसके सही तथ्य जुटाने चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक बयान देने के स्थान पर ब्लाक अध्यक्ष को अपने नेताओं से बात करके इस ट्रेन को ऊना से शुरू करवाने की मांग करनी चाहिए। अगर वे ऐसा प्रयास करें तो जनहित मोर्चा भी उनको समर्थन देगा। इस मौके पर संजीव कुमार शर्मा, ईश कुमार ग्रोवर, शिव कुमार, नरेंद्र भनोट, पवन शर्मा, किशोरी लाल, राकेश कुमार, अश्वनी कुमार और संजीव कुमार हैप्पी भी मौजूद थे।
