
ऊना। जिला मुख्यालय के कोर्ट परिसर से 17 जून को बाथरूम की खिड़की से फरार हुए हत्यारोपी का कोई सुराग नहीं लग पाया है। हालत ऐसी है कि घटना के तीन दिन बाद भी न पुलिस को हत्यारोपी राजीव कौशल मिल पाया है और न ही उसकी कोई सूचना। वीरवार को स्थानीय पुलिस ने फरार हुए राजीव कौशल की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया। हालांकि इस बात को पूरी तरह गुप्त रखा जा रहा है कि टीमें कहां-कहां दबिश देंगी, लेकिन पुलिस को चकमा देकर भागने वाले की तलाश जोर-शोर से शुरू हो गई है। राजीव के सूबे से बाहर चले जाने की प्रबल संभावनाएं हैं। इसके चलते उसे पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली स्थित कई स्थानों पर तलाश किया जा सकता है। हालांकि उसकी धरपकड़ के लिए उसके देहलां स्थित घर पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
17 जून को स्थानीय कोर्ट परिसर में लघु शंका जाने के बहाने पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर फरार हुआ हत्यारोपी राजीव कौशल इस समय पुलिस की सबसे बड़ी सिरदर्दी बन गया है। हालांकि ऊना से किसी जघन्य अपराध में आरोपी बनाए गए व्यक्ति के भागने की यह दूसरी वारदात है, लेकिन इस घटना के बाद से पुलिस के होश फाख्ता हो गए हैं। इसके चलते उसे तलाश करने के लिए पुलिस ने टीमों का गठन कर दिया है। जिला पुलिस कप्तान केसी शर्मा ने बताया कि पुलिस हत्यारोपी को खोजने में कोई कसर बाकी नहीं रखेगी। उन्होंने बताया कि टीमों को वीरवार ही राजीव कौशल की तलाश के लिए रवाना कर दिया गया है।
