
ऊना। प्रदेश में बिना बिल सोने की तस्करी का धंधा रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटनाक्रम में शनिवार देर रात पंडोगा बैरियर पर आबकारी एवं कराधान विभाग की टीम ने नाकेबंदी के दौरान लगभग एक लाख रुपये मूल्य का सोना पकड़ने में सफलता हासिल की है। विभागीय टीम ने सोने की तस्करी कर रहे लोगों से मौके पर ही जुर्माना वसूल किया है। अवैध सोना पकड़े जाने की एक माह के भीतर सातवीं घटना है। बताया जा रहा है कि इस बार सोने की खेप प्रदेश के बिलासपुर जिले को ले जाई जा रही थी।
आबकारी एवं कराधान विभाग के ईटीओ विशाल गोरला ने बताया कि शनिवार देर रात विभाग के निरीक्षक प्रदीप कुमार की अगुवाई में टीम ने पंडोगा बैरियर पर नाकेबंदी कर रखी थी। इसी दौरान एक कार होशियारपुर की ओर से आई, जिसे टीम ने रुकने का इशारा किया। कार की चैकिंग करने पर उसमें से लगभग 95 हजार रुपये के 7.2 तोले सोने के गहने बरामद किए गए। विभागीय टीम की ओर से दस्तावेज मांगने पर कार सवार कुछ नहीं दिखा पाए। इसके चलते ईटीओ विशाल गोरला और निरीक्षक प्रदीप कुमार ने उक्त कार चालक से मौके पर ही लगभग 24 हजार 800 रुपये जुर्माना वसूल किया। उन्होंने बताया कि यह सोना पंजाब के अमृतसर से लाया जा रहा था और हिमाचल के बिलासपुर के लिए भेजा गया था।
