
चंबा। वन निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने फूड सिक्योरिटी बिल और मनरेगा कानून पास कर विश्व भर में वाहवाही लूटी है। फूड सिक्योरिटी बिल आम लोगों को दो वक्त की रोटी की गारंटी देता है। उन्होंने कहा कि लोस चुनावों में भाजपा के पीएम पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी का जादू चलने वाला नहीं है। उन्होंने बताया कि जब नरेंद्र मोदी हिमाचल बीजेपी के प्रभारी थे तो कांग्रेस पार्टी ने बीजेपी को हराकर दो तिहाई बहुमत से सत्ता हासिल की थी। पूर्व सीएम प्रो. प्रेम कुमार धूमल कह रहे हैं कि कांग्रेस पार्टी मोदी से डरती है, जो सरासर गलत है। पठानिया ने कहा कि चंबा-कांगड़ा से भले ही बीजेपी शांता कुमार को या किसी अन्य प्रत्याशी को उतारे उसकी हार तय है। आगामी लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष व सीएम ने समस्त विस क्षेत्रों के लिए जिम्मेवारियां सौंप दी है। सीएम ने उन्हें भरमौर व चुराह विस क्षेत्र का जिम्मा सौंपा है। यहां जाकर वे कार्यकर्ताओं से फीड बैक लेंगे और लोगों तक प्रदेश व केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को पहुंचाएंगे। इस मौके पर मार्केटिंग कमेटी के अध्यक्ष नीरज नैय्यर, पीसीसी सचिव पवन नैय्यर, जगदीश हांडा, तीर्थ सिंह, रवि कुमार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जोगिंद्र शर्मा, ओम प्रकाश मौजूद रहे।
इंसेट …….
बीजेपी ने भरमौर में बंद किए थे 19 स्कूल
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि बीजेपी के शासनकाल में भरमौर विस क्षेत्र में पांच सीनियर सेकेंडरी, 10 प्राइमरी व चार मिडल स्कूल बंद किए गए थे। विकास के नाम पर चंबा व भरमौर से सौतेला व्यवहार किया गया। बीजेपी कार्यकाल के दौरान भरमौर की सड़कें बदतर थी। कांग्रेस ने सत्ता में आते ही भरमौर में सड़कों को चकाचक करवा दिया है। बंद किए स्कूलों को भी खोलने की दिशा में पहल की है।
