
नालागढ़ (सोलन)। रोड सेफ्टी क्लब की शुक्रवार को आयोजित बैठक में सियासत हावी रही। बैठक में अध्यक्ष सहित सदस्यों को आमंत्रित ही नहीं किया गया और इस बार की बैठक में नए चेहरे ही देखने को मिले। शहर में चर्चा थी कि रोड सेफ्टी क्लब की इस बैठक में नई कार्यकारिणी का चयन होना था, जिस पर बैठक में काफी हंगामा हुआ। बीते पांच साल से क्लब की कार्यकारिणी में बदलाव नहीं हुआ था और क्लब को चुस्त दुरुस्त बनाने और क्लब का सामाजिक दायित्व के प्रति अधिक से अधिक सहयोग देने के लिए बैठक का आयोजन किया था।
क्लब की कार्यकारिणी में भी फेरबदल होना था, लेकिन कोरम पूरा न होने से बैठक स्थगित हो गई है। प्रधान सहित कई सदस्यों का आरोप है कि यदि कार्यकारिणी में बदलाव करना ही है तो सभी को साथ लेकर सर्वसहमति से नई कार्यकारिणी का चुनाव किया जाना चाहिए, वहीं कुछ सदस्यों का आरोप था कि इस बैठक में जो नए चेहरे बुलाए गए हैं, वह एक ही पार्टी से संबंधित हैं।
यह सदस्य रहे बैठक से नदारद
बैठक से अध्यक्ष पिंकी राणा सहित अभिनंदन जैन, तेजपाल भारती, यशपाल शर्मा, ओंकार गुप्ता, सुखराम शुक्ला और अनिल शर्मा आदि नदारद रहे। इनका कहना है कि उन्हें बैठक के संबंध में सूचना नहीं दी गई। अध्यक्ष को जब इस बात का पता चला कि बैठक लोनिवि विश्राम गृह में चली है तो वह भी वहां बैठक की कार्रवाई में पहुंचे।
अध्यक्ष समेत सदस्यों की अनदेखी
अध्यक्ष पिंकी राणा ने कहा कि कार्यकारिणी में बदलाव सर्वसहमति से होना चाहिए और सभी सदस्यों को बैठक में बुलाना चाहिए था, लेकिन कई अहम सदस्यों की अनदेखी हुई है।
कोरम जल्द होगा पूरा : डीएसपी
डीएसपी नालागढ़ सुशील शर्मा ने कहा कि क्लब को चुस्त-दुरूस्त बनाने के दृष्टिगत इस बैठक को बुलाया गया था। कार्यकारिणी में बदलाव को लेकर कोरम पूरा किया जाएगा और सभी सदस्यों को इसमें आमंत्रित किया जाएगा।
यह रहे बैठक में मौजूद
बैठक में रविंद्र सांख्यान, महेश गौतम, श्याम विनायक, बाबू संसारी लाल, विशाल कपूर, पंकज भारद्वाज, बुद्धि सिंह राणा, गुरमीत सिंह, मोहित, सुजाल खान, डीएस खुल्लर, शमीम अख्तर, अलका वर्मा, विद्यारतन चौधरी, पुष्पा भंडारी, सोहन लाल, हरपाल और गुरविंदर आदि मौजूद रहे।
