
गलोड़ (हमीरपुर)। पुलिस चौकी गलोड़ के अंतर्गत बस अड्डा के समीप कुछ युवकों ने निगम की बस के शीशे तोड़ दिए हैं। बस के चालक और परिचालक को भी धुन डाला है। बीच बचाव करने पहुंचे दुकानदारों को भी युवक पीटकर फरार हो गए हैं। हालांकि इसकी शिकायत लोगों ने पुलिस चौकी में की है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार हमीरपुर डिपो की बस हमीरपुर से गाहलियां जा रही थी। बुधवीं चौक पर बस चालक की तीन बाइक सवारों को पास देने को लेकर विवाद हो गया। तीन बाइकों पर सवार युवकों ने बस को घेर लिया और बस के साइड के दो शीशे तोड़ दिए। चालक और परिचालक की धुनाई भी कर दी। शोर सुनकर स्थानीय दुकानदार मौके पर पहुंचे और बीच बचाव करने की कोशिश की। युवकों ने दुकानदारों को भी पीट डाला। इसके चलते पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत किया। सूत्रों की मानें तो तीन बाइकों पर सवार करीब आधा दर्जन से अधिक युवक नशे में धुत्त थे।
उधर, डीएसपी लालमन शर्मा का कहना है कि युवकों और बस चालक-परिचालक में आपसी समझौते के चलते मामला दर्ज नहीं हो पाया है। शिकायत आने पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
