
नादौन (हमीरपुर)। इंद्रपाल मार्केट में एक दुकानदार ने दूसरे दुकानदार का थैला चोरी कर पैसे चुरा लिए हैं। हालांकि दुकानदार ने पहले चोरी को कबूलने से मना कर दिया लेकिन मार पड़ते ही उसने चोरी को कबूल कर लिया।
हुआ यूं कि चाय की दुकान करने वाले एक दुकानदार ने शुक्रवार रात को दुकान बंद की। उसके साथ दो बच्चे भी थे। दुकान बंद करने के बाद दुकानदार लीक हो रही पानी की पाइप को ठीक करने चला गया और थैले को बच्चों के हवाले कर गया। बच्चों का ध्यान थैले से हट गया। मौका देखते ही साथ ही चाय की दुकान करने वाले दुकानदार ने थैले को बड़ी चतुराई से उड़ा दिया। उसने शराब पी रखी थी। दुकानदार ने थैले से पैसे निकाले और बैग को साथ लगते सरकारी कार्यालय के प्रांगण के पास फेंक दिया। साथ लगती मार्केट के एक दुकानदार ने उसे देख लिया। जब दूसरा दुकानदार वापस आया तो उसने देखा कि थैला गायब था। उसने छानबीन शुरू की तो दूसरी मार्केट के दुकानदार ने सारी घटना बताई। पहले तो पैसे चोरी करने वाला दुकानदार चोरी न करने की लाख कसमें खाता रहा लेकिन मार पड़ते ही उसने चोरी को कबूल लिया। शनिवार सुबह दुकानदार ने गलती मानते हुए पीड़ित दुकानदार को 2900 रुपये वापस कर दिए। पुलिस अधीक्षक जगत राम का कहना है कि शिकायत आने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
