
कुल्लू। भुंतर के शाढ़ाबाई में नवविवाहिता ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने महिला के परिजनों की शिकायत पर ससुराल पक्ष के खिलाफ भादंसं की धारा 498 ए और 306 के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार लाहौल के जाहलमा निवासी भाग सिंह ने दर्ज करवाई एफआईआर में कहा है कि करीब दस माह पहले उसकी बेटी दीपा की शादी कलैहली निवासी शलेंद्र के साथ हुई थी। शादी के तीन माह बाद ही ससुराल पक्ष की ओर से उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उनकी बेटी कुछ दिन पहले अपने मायके में 15 दिन रहने के बाद अपने ससुराल चली गई थी। महिला के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को ससुराल पक्ष ने आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया है। डीएसपी संजय शर्मा ने कहा कि पुलिस ने महिला के पिता की शिकायत पर मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। डीएसपी ने बताया मृतका के परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की छानबीन की जा रही है। मामले की छानबीन एसआई लाल चंद शर्मा कर रहे है।
