नवनिर्मित भवनों को किराये पर देगी नप

नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। लंबे समय से आर्थिक तंगहाली से गुजर रही नगरोटा बगवां नगर परिषद नेअब आर्थिक हालत सुधारने की कवायद आरंभ कर दी है। नगर परिषद अध्यक्ष हिमांद्री सोनी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई मासिक बैठक में कई प्रस्ताव पारित किए गए हैं। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी चमन लाल कपूर ने बताया कि गत कुछ वर्षों से ठेके पर दिए गए नगर परिषद के रैन बसेरा परिसर को नगर परिषद स्वयं संचालित करेगी। तय किया गया है कि 31 मार्च तक उक्त परिसर और नगर परिषद के विश्राम गृह को खाली करवा कर किराये की नई दरें निर्धारित करके नगर परिषद इसका संचालन करेगी। इसके अलावा नगर परिषद कार्यालय के नीचे नवनिर्मित 500 वर्ग फुट के एक परिसर को 5 लाख रुपये सिक्योरिटी और 15 हजार रुपये मासिक किराये पर चढ़ाया जाएगा। पुराने बस अड्डा के रेन शेल्टर के ऊपर बने हाल की दो लाख रुपये सिक्योरिटी और 6 हजार रुपये मासिक किराया निर्धारित करने का भी प्रस्ताव पारित किया गया है। तहसील कार्यालय के सामने खाली पड़ी भूमि पर नगर परिषद 4 छोटी दुकानें निर्मित करके 50 हजार रुपये प्रति दुकान बतौर सिक्योरिटी लेकर किराये पर देगी। बैठक में पुराना बस अड्डे पर स्थित पार्किंग स्थल को ठेके पर देने का भी निर्णय लिया गया है। बीपीएल में अपात्र परिवारों के स्थान पर पात्र परिवारों को शामिल करने के मुद्दे पर प्रस्तावित फैसले को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इस मुद्दे पर 24 फरवरी सोमवार को नगर परिषद की पुन: बैठक बुलाई गई है। आज की बैठक में बुढ़ापा पेंशन के दो केस भी पारित किए गए हैं।
बैठक में नगर परिषद अध्यक्षा व इओ के अलावा पार्षद दीपक ठाकुर, प्रेम चौधरी, धीरज भटनागर, बंदना शर्मा, सुनयना मेहरा, सुदर्शना साहनी, जीवना पठानिया, मनोनीत पार्षद, डा. राम स्वरूप चांद, गिरीश धवन व प्रमोद मेहरा उपस्थित रहे।

Related posts