
हमीरपुर। रूसा प्रणाली के तहत कॉलेजों में नवंबर के अंतिम सप्ताह में दूसरा सेमेस्टर शुरू होगा। उससे पहले प्रथम सेमेस्टर की सत्रांत परीक्षाएं होंगी। अक्तूबर के अंतिम सप्ताह में प्रैक्टीकल परीक्षाएं ली जाएंगी। रूसा प्रणाली लागू होने के पश्चात सितंबर में अनुपूरक परीक्षाओं के दौरान होने वाली छुट्टियां नहीं होंगी। दिवाली पर चार छुट्टियां होंगी तथा जनवरी में अवकाश होगा। विवि प्रशासन ने रूसा प्रणाली के तहत कॉलेजों के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है। विवि रजिस्ट्रार की ओर से समस्त प्राचार्यों को पत्र जारी कर सूचित किया गया है। उधर, हमीरपुर कॉलेज प्राचार्य पीसी पटियाल ने कहा कि रूसा प्रणाली के तहत जारी शेड्यूल के अनुसार ही संचालन किया जाएगा। सत्रांत परीक्षाओं की तिथि के संबंध में सूचना विवि की ओर से मिलना शेष है।
प्रथम सेमेस्टर
प्रत्येक सेमेस्टर में 90 शैक्षणिक दिवस पूरे किए जाने हैं। अन्य गतिविधियों, छात्र संघ चुनावों के आयोजन के कारण पहले सेमेस्टर की अवधि लंबी (16 सप्ताह) रखी गई है। 21 जून से लेकर अक्तूबर के तीसरे सप्ताह तक नियमित कक्षाओं का क्रम रहेगा। तत्पश्चात अंतिम दस दिन प्रैक्टीकल परीक्षाएं होंगी। नवंबर के तीन सप्ताह परीक्षाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं।
दूसरा सेमेस्टर
नवंबर के अंतिम सप्ताह से दूसरा सेमेस्टर शुरू होगा। दूसरे सेमेस्टर की अवधि 14 सप्ताह रखी गई है। दिसंबर माह में नियमित कक्षाएं आयोजित होंगी। एक से 31 जनवरी तक कॉलेजों में अवकाश रहेगा। तत्पश्चात, अप्रैल के प्रथम सप्ताह तक कक्षाएं, आगामी दस दिन प्रैक्टीकल परीक्षाएं होंगी। मई के प्रथम सप्ताह तक सत्रांत परीक्षाएं करवाई जाएंगी। 11 मई से 9 जून तक अवकाश रहेगा। तत्पश्चात रोलऑन आधार पर प्रवेश प्रक्रिया रहेगी।
