
कुल्लू। राजकीय चालक-परिचालक महासंघ कुल्लू इकाई की बैठक में सरकार से नया पे स्केल जल्द लागू करने का आग्रह किया गया। सोमवार को परिधि गृह कुल्लू में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता कुल्लू इकाई के अध्यक्ष तुलेराम ने की।
बैठक में चालकों और परिचालकों को ग्रेड पे तथा 4-9-14 वेतन वृद्धि देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। साथ ही नया पे स्केल जल्द लागू करने, चालकों और परिचालकों के लिए स्पेशल फंड, परिचालक से चालक पद पर नियुक्ति देने की मांग सरकार से की गई। इसके अलावा बैठक में चालकों को विशेष वेतन, सभी विभागों की सरकारी गाड़ियों का इंश्योरेंस करवाने का आग्रह सरकार से किया गया। महासंघ के अध्यक्ष तूलेराम ने बताया कि आईपीएच के बालक राम को संगठन का सलाहकार नियुक्त किया है। बैठक में प्रदीप, त्रिलोक, यमन, प्रवीण कुमार, जितेंद्र सिंह, इंद्रजीत, मस्तराम, अमर, चंचल सिंह, दुर्गादत्त और ब्रह्मानंद आदि मौजूद रहे।
प्रशिक्षण लेकर लौटे कॉलेज विद्यार्थी
कुल्लू। स्काउट एंड गाइड की ओर से कुल्लू कॉलेज से जलक्रीड़ा प्रशिक्षण के लिए गए सात छात्रों का दल प्रशिक्षण प्राप्त कर लौट आया है। दो रोवर और पांच रेंजर कुल्लू कॉलेज से पौंग डैम कांगड़ा में प्रशिक्षण के लिए गए थे। सभी छात्रों ने प्रशिक्षण में ए ग्रेड हासिल किया है। उन्हें प्रशस्ति पत्र से पुरस्कृत किया गया। रोवर एवं रेंजर की प्रभारी सुनीता शर्मा तथा शाम सिंह ने कहा कि शिविर में सातों विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर ए ग्रेड हासिल किया है। प्रिंसिपल धनेश्वरी शर्मा ने हिम्मत सिंह, कमला देवी, शीला, चंद्रामणि, डोलमा, सुमित ठाकुर तथा गिरिधर को बेहतर प्रदर्शन पर बधाई दी है।
