
नयनादेवी : नववर्ष मेले के प्रबंधों को लेकर आज नयनादेवी में सदर उपमंडल अधिकारी एवं मंदिर न्यास के अध्यक्ष रोहन ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में रोहन चंद ठाकुर ने बताया कि पहली जनवरी तक नयनादेवी में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। चूंकि नयनादेवी में 9 सैक्टरों के दृष्टिगत प्रबंध जुटाए हैं।
प्रशासन ने नयनादेवी क्षेत्र में सैक्टर अधिकारियों को तैनात करने का निर्णय लिया है। सैक्टर अधिकारी वॉकी-टॉकी से हर जानकारी मेला अधिकारी को देंगे। रोहन ठाकुर मेला अधिकारी तथा डीएसपी मनोहर लाल मेला पुलिस अधिकारी होंगे। मेले में करीब 600 पुलिस, होमगार्ड व महिला पुलिस कर्मी तैनात कर दिए हैं तथा नयनादेवी के चप्पे-चप्पे में खाकी वर्दी का पहरा लगा दिया है।
अगस्त, 2008 में हुए भयानक हादसे के बाद प्रशासन सुरक्षा प्रबंधों के मामले में कोई भी कमी नहीं रखना चाहता। मंदिर के अंदर नारियल व प्रसाद आदि पर प्रतिबंध लगा दिया गया है, वहीं पटाखों पर भी पूर्ण रूप से प्रतिबंध है तथा अवहेलना करने वाले से प्रशासन सख्ती से निपटेगा। यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रण हेतु घवांडल-नयनादेवी संपर्क सड़क पर यात्रियों की गाडिय़ों को ऊपर नहीं आने दिया जाएगा।
विद्युत, सफाई एवं पीने के पानी के प्रबंधों के लिए विभाग को अलर्ट कर दिया है। उधर, नववर्ष के उपलक्ष्य पर नयनादेवी मंदिर को सजा दिया गया है। मंदिर एक दुल्हन की भांति सज गया है। बैंडबाजों, डीजे तथा वाद्ययंत्र पर प्रतिबंध रहेगा। यात्रियों को फ्लाइओवर के माध्यम से माता के दर्शनों को भेजा जाएगा तथा पौढिय़ों के रास्तों से वापसी होगी। रोहन ठाकुर ने सभी विभागों से सहयोग की अपील की है।
