
नयनादेवी (बिलासपुर)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयनादेवी में मूल्य से अधिक दाम वसूलने वाले दुकानदारों पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने शिकंजा कस दिया है। मंगलवार को श्री नयनादेवी का दौरा करते हुए जिला नियंत्रक शिव राम की अगुवाई वाली टीम ने लगभग 40 दुकानों में छापामारी करते हुए रेट लिस्टों की जांच की।
रेट लिस्ट लगाए बगैर कारोबार करने वालों चालान काटे गए हैं। विभिन्न दुकानदारों से लगभग छह हजार रुपये की खाद्य वस्तुएं भी विभाग ने जब्त की है। इनमें विभिन्न कंपनियों का ठंड, फल, प्रशाद के लिए रखे नारियल और होटलों में बना खाना शामिल हैं। गौरतलब है कि नयनादेवी मंदिर में नवरात्र मेले के चलते नारियल का प्रशाद चढ़ाने पर प्रतिबंध है। बावजूद इसके इसकी बिक्री हो रही है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को बिना रेट लिस्ट मनमाने दाम वसूलने की शिकायतें मिल रही थी। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक शिव राम ने बताया कि लगभग 40 दुकानों की छापामारी की गई। अधिकतर में रेट लिस्ट नहीं लगी थी। चार दुकानों के चालान काटते हुए लगभग छह हजार रुपये के फल, नारियल, ठंडा और भोजन जब्त कर लिया गया है। उन्होंने दुकानदारों का दौरा करते हुए रेट लिस्ट लगाने की हिदायत भी दी है। अगली बार फिर रेट लिस्ट नहीं लगी तो विभाग कानूनी कार्रवाई अमल में लाएगा।
