
पालमपुर (कांगड़ा)। शहर पालमपुर में नाबालिग लड़कियों को भगाने का मामला नप पालमपुर की बैठक में भी मुद्दा बन गया। यह मामला युवकों की हुई गिरफ्तारी को लेकर गरमाया है। शनिवार को नप की हुई बैठक में एक पार्षद ने नप के उपाध्यक्ष पर गिरफ्तार युवाओं की तरफदारी करने का आरोप लगा दिया। पार्षद ने नप उपाध्यक्ष से इस्तीफा देने की मांग की है। हालांकि बैठक में नप उपाध्यक्ष मौजूद नहीं थे।
जानकारी के अनुसार शनिवार को नप पालमपुर की जब बैठक शुरू हुई तो पार्षद हिरेंद्र परवाना ने साफ कहा कि उपाध्यक्ष नाबालिग लड़कियों के मामले में गिरफ्तार युवाओं की तरफदारी कर रहे हैं। वह उनका साथ देकर उन्हें बचाने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि नप के चुने नुमाइंदों का काम लोगों की सेवा करना है न कि फंसे हुए लोगों को छुड़ाना। कहा कि उपाध्यक्ष को ऐसा करना ही है तो वह उपाध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा दे दें। गौरतलब है कि इन दिनों शहर में नाबालिग लड़कियों को भगाने व दुराचार के मामले में पुलिस ने एक युवती व दो युवाओं को गिरफ्तार किया है। ये युवक पालमपुर के रहने वाले हैं। उधर, इस बारे में नप उपाध्यक्ष यश महाजन से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वह बाहर गए हुए थे और उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उधर, नप अध्यक्ष बलवंत ठाकुर ने कहा कि पार्षद हिरेंद्र परवाना ने जो कहा, वह सही है। नप इस पर छानबीन कर रही है।
