
चंबा। नगर परिषद के 11 वार्डों में अब लोक निर्माण विभाग की ओर से विकास कार्य करवाएं जाएंगे। नप ने लोक निर्माण विभाग को 20 करोड़ रुपये का प्रपोजल तैयार कर सौंप दिया है। लोक निर्माण विभाग की ओर से विकास कार्यों की डीपीआर तैयार की जा रही है। जल्द निर्माण कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। नगर परिषद के हरदासपुरा, सुलतानपुर, पक्काटाला व आदर्शनगर सहित अन्य वार्डों में सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत व सड़कों को पक्का करने का कार्य भी लोक निर्माण विभाग करेगा। यही नहीं नप एरिया में पुली निर्माण, रैन शैल्टर, क्रेट वर्क, नालियों की मरम्मत, खड्डों पर प्रोटेक्शन वर्क सहित अन्य जितने भी विकास कार्य हैं, वे लोक निर्माण विभाग की ओर से किए जाएंगे। नगर परिषद अध्यक्ष अनीता ठाकुर ने बताया कि शहर में जितनी भी सड़कों का निर्माण व मरम्मत कार्य होना है, नगर परिषद ने उसका प्रपोजल तैयार कर लोक निर्माण विभाग को सौंप दिया है। इसके अलावा जो भी पेंडिंग कार्य है, उनका भी प्रस्ताव तैयार किया गया है और उसकी सूची लोक निर्माण विभाग को भेज दी है। उन्हाेंने कहा कि नप द्वारा लगभग 20 करोड़ रुपये का प्रपोजल तैयार कर विभाग को सौंपा गया है। शहर के विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर परिषद ने यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के पास सड़क ों व अन्य निर्माण के लिए पर्याप्त कर्मचारी है। इसके अलावा मशीनरी भी उपलब्ध है। ऐसे में विभाग द्वारा तेजी से विकास कार्य किए जाएंगे और रूके हुए कार्यों को गति मिलेगी।
