
भल्याणी (कुल्लू)। शहर के कुछ प्रभावशाली लोग नगर परिषद कुल्लू को हर माह लाखों की चपत लगा रहे हैं। आलम यह है कि गलियों में जहां अंधेरा है वहीं अफसरों और प्रभावशाली लोगों के आंगन नप के खर्चे से जगमगा रहे हैं। हैरत इस बात की है कि एक घर के पास दो-दो स्ट्रीट लाइटें तक लगवा रखी हैं। दूसरी तरफ शहर की अधिकांश गलियां अभी भी अंधेरे में डूबी पड़ी हैं। यहां आज तक नगर परिषद स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था नहीं कर पाया है। हां इतना जरूर है कि सरकारी कालोनियों को यह खूब रोशन कर रही हैं।
नप कुल्लू की ऐसी व्यवस्था पर शहर के लोगों ने भी सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। स्थानीय निवासी प्रेम सिंह पिंटू, बाला राम ठाकुर, देवी दयाल ठाकुर और पवन ने बताया कि परिषद की यह व्यवस्था उनके दिलों को आहत करती है। उन्होंने नप अध्यक्ष ऋषभ कालिया से मांग की है कि प्रभावशाली और अधिकारियों की कालोनियों से लाइटों को हटाकर इन्हें अंधेरी गलियों में लगवाया जाए। शहर में करीब 400 प्वाइंट ऐसी जगह पर लगे हैं जहां इनकी जरूरत तक नहीं है। लोगों का कहना है कि यह प्वाइंट प्रभावशाली लोगों के आंगन को रोशनी देने के मकसद से ही स्थापित कर रखे हैं।
जल्द हटा लिए जाएंगे यह प्वाइंट
नप के अध्यक्ष ऋषभ कालिया ने बताया कि नप कुल्लू ने एक प्रस्ताव पारित कर फैसला लिया है कि इन प्वाइंटों को जल्द हटा लिया जाएगा। इसी माह इन स्ट्रीट लाइटों को हटाकर अंधेरी गलियों में स्थापित किया जाएगा।
